ग्रामसभा का फैसला :- तांतनगर के रोलाडीह में अब नहीं चलेंगे अवैध बालू लदे ट्रैक्टर

  • माफियाओं को खुली चेतावनी, ग्रामीण सड़क को बालू ढुलाई का रास्ता बनाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
  • माफियाओं को संरक्षण देने वाले ग्रामीण भी ग्रामसभा के निशाने पर, पकड़कर एसपी को सौंपने का निर्णय
  • बैरियर तोड़ने, ग्रामीण मुंडा को बंधक बनाने और महिलाओं से दुर्व्यवहार के आरोपों से गांव में उबाल
1001906202 1024x470

चाईबासा। अवैध बालू कारोबार और माफियाओं की मनमानी के खिलाफ अब तांतनगर के रोलाडीह गांव के ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। गांव की संकरी सड़क से अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों की दिन-रात आवाजाही पर ग्रामसभा ने पूरी तरह रोक लगाने का कड़ा फैसला लिया है। शुक्रवार को ग्रामीण मुंडा वीरेंद्र कालुंडिया की अध्यक्षता में हुई ग्रामसभा की बैठक में साफ शब्दों में चेतावनी दी गई कि गांव के आदेश को चुनौती देकर बालू परिवहन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नियम का उल्लंघन कर ट्रैक्टर चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।ग्रामसभा ने सिर्फ ट्रैक्टर चालकों ही नहीं, बल्कि बालू माफियाओं को संरक्षण और सहयोग देने वाले गांव के लोगों को भी चेतावनी दी है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। ग्रामसभा ने निर्णय लिया कि भविष्य में गांव की सामाजिक व्यवस्था बिगाड़ने और अवैध बालू कारोबार को संरक्षण देने वालों को पकड़कर जिला पुलिस अधीक्षक के हवाले किया जाएगा। बैठक में दो टूक कहा गया कि गांव की शांति और सुरक्षा के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।ग्रामीणों का आरोप है कि बालू माफियाओं के लिए रोलाडीह की संकरी ग्रामीण सड़क अवैध बालू ढुलाई का रास्ता बन गई है। दिन-रात ट्रैक्टरों की आवाजाही से ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात में शोर के कारण लोग ठीक से सो नहीं पाते, वहीं गांव में जाम लगने से रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित होते हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि बालू ले जाना है तो मुख्य सड़क से ले जाएं, गांव की संकरी सड़क को माफियाओं का रास्ता नहीं बनने दिया जाएगा।ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि जब तांतनगर अंचल क्षेत्र में बालू घाटों की नीलामी ही नहीं हुई है, तो आखिर किस अधिकार से बालू का खनन और परिवहन किया जा रहा है? अवैध बालू कारोबार से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जाती हैं और ट्रैक्टर चालक महिलाओं के साथ गाली-गलौज तक करते हैं।

बैरियर तोड़ा, ग्रामीण मुंडा को बंधक बनाने का प्रयास

गौरतलब है कि पिछले बुधवार को अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही रोकने के लिए ग्रामीणों ने गांव में बैरियर लगाया था। ग्रामीणों के अनुसार, कथित बालू माफिया तत्वों ने बैरियर तोड़ दिया। इसके बाद ग्रामीण मुंडा समेत कुछ ग्रामीणों को बंधक बनाकर मारपीट करने का प्रयास किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण जुट गए और विरोध कर ग्रामीणों को छुड़ाया। स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीणों ने तांतनगर अंचल अधिकारी को सूचना दी, जिसके बाद तांतनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, ग्रामीणों ने पुलिस पर भी माफिया पक्ष का समर्थन करने का आरोप लगाया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस और कथित माफिया तत्वों को मौके से खदेड़ दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

मजदूरों के रोजगार का भी उठाया मुद्दा

ग्रामसभा की बैठक में मुखिया मनीला देवगम ने कहा कि अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगने से प्रभावित होने वाले मजदूरों को मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे अवैध कारोबार पर रोक के साथ मजदूरों की आजीविका का विकल्प भी तैयार किया जा सकेगा।ग्रामसभा ने स्पष्ट कर दिया है कि अब रोलाडीह की ग्रामीण सड़क से अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गांव की शांति, सुरक्षा और सामाजिक एकता से समझौता नहीं होगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *