
- तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के योगेंद्र हेस्सा और सन्नी हेम्ब्रम करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व
- केंद्र के सहायक प्रशिक्षक सुमित सिंकू को भी टीम का प्रशिक्षक बनाया गया
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए गौरव की बात है कि तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, सिकुरसाई, चाईबासा के दो प्रतिभाशाली तीरंदाजों का झारखंड टीम में चयन हुआ है। केंद्र के योगेंद्र हेस्सा एवं सन्नी हेम्ब्रम का इंडियन राउंड बालक वर्ग में चयन किया गया है। दोनों खिलाड़ी 25 से 28 अक्टूबर 2026 तक राजस्थान के जयपुर में आयोजित 40वीं जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए केंद्र के सहायक प्रशिक्षक सुमित सिंकू को झारखंड तीरंदाजी टीम का प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहली बार उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। खिलाड़ियों के चयन के साथ प्रशिक्षक की नियुक्ति से प्रशिक्षण केंद्र में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर केंद्र के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार पाड़ेया, सीता पाड़ेया, सुशील कुमार सिंकु, सुभाष जोंको, हीराबती देवगम, जानो पुरती सिंकु, कन्हैया लाल बुड़ीउली, गारदी कुन्टिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों तीरंदाज प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे। यह जानकारी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रशिक्षक चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम महर्षि महेंद्र सिंकु ने दी।