मंगलाहाट पर मंडराया हस्तांतरण का खतरा, दांव पर कोल्हान की ऐतिहासिक विरासत: सुमब्रुई

** मंगलाहाट बाजार से कहीं बढ़कर कोल्हान की ऐतिहासिक विरासत और आदिवासी स्वशासन का प्रतीक **

1001909325
  • मानकी-मुंडा संघ और आदिवासी संगठनों से हस्तक्षेप की मांग

चाईबासा। कोल्हान की धरती पर स्थित मंगला हाट महज खरीद-बिक्री का एक पारंपरिक बाजार नहीं है। यह आदिवासी समाज की आर्थिक गतिविधियों, ऐतिहासिक संघर्षों, स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृतियों और पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण स्थल है। सदियों से ग्रामीणों, किसानों और वनोपज संग्रह करने वाले लोगों की आजीविका का आधार रहा यह हाट अब नगर परिषद की हस्तांतरण संबंधी आम सूचना को लेकर चर्चा में है। झारखंड पुनरुत्थान अभियान ने इस पहल का विरोध करते हुए इसे कोल्हान की ऐतिहासिक विरासत और पारंपरिक व्यवस्था से जुड़ा मामला बताया है।अभियान की जिला अध्यक्ष शैली शैलेन्द्र सिंकु की अध्यक्षता में टाटा कॉलेज के समीप आयोजित बैठक में मंगला हाट के महत्व और उसके हस्तांतरण के संभावित प्रभावों पर चर्चा की गई। अभियान के केंद्रीय महासचिव अमृत मांझी ने कहा कि मंगला हाट का महत्व केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। इसका जुड़ाव देश के स्वतंत्रता आंदोलन से भी रहा है। उनके अनुसार, महात्मा गांधी ने वर्ष 1921-22 में इसी मंगला हाट में हो भाषा के माध्यम से सभा को संबोधित कर कोल्हान के आदिवासी समाज को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया था। वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान भी कोल्हान के स्वतंत्रता सेनानियों ने यहां सत्याग्रह किया था। ऐसे में मंगला हाट क्षेत्र के इतिहास और सामुदायिक चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

**हो विद्रोह के इतिहास से भी जुड़ा है मंगला हाट**

हो समाज महासभा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व रेलवे कर्मी विजय सिंह सुब्रुई ने मंगला हाट के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थल हो बहुल कोल्हान के केंद्र बिंदु के साथ-साथ पूर्वजों के संघर्ष और वीरता का प्रतीक है। वर्ष 1820-21 के हो विद्रोह की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने वर्ष 1848 में मंगला हाट की स्थापना की थी। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी शासन के दौरान कोल्हान को नॉन रेगुलेशन एरिया घोषित किया गया था और चाईबासा को प्रशासनिक मुख्यालय बनाया गया था।

**पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को लेकर भी उठाया सवाल**

विजय सिंह सुब्रुई ने कहा कि मंगला हाट कोल्हान की पारंपरिक प्रशासनिक व्यवस्था और मानकी-मुंडा-डाकुआ स्वशासन प्रणाली से जुड़ा हुआ है। इसलिए इसके हस्तांतरण का निर्णय लेने से पहले यहां की ऐतिहासिक, सामाजिक और पारंपरिक व्यवस्था को ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने नगर परिषद की पहल को असंवैधानिक बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया।

**मानकी-मुंडा संघ से हस्तक्षेप की अपील**

बैठक में झारखंड पुनरुत्थान अभियान ने कोल्हान अधीक्षक एवं मानकी-मुंडा संघ की केंद्रीय कमेटी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। संगठन ने मांग की कि मंगला हाट के हस्तांतरण की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। अभियान का कहना है कि मंगला हाट का संरक्षण केवल एक बाजार को बचाने का सवाल नहीं है, बल्कि कोल्हान की ऐतिहासिक पहचान, आदिवासी समाज की आजीविका और पारंपरिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने से भी जुड़ा है।बैठक में अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकु, जिला उपाध्यक्ष विशाल गुड़िया, स्टूडेंट्स विंग के जिला अध्यक्ष समीर हेंब्रम, पूर्व शिक्षक सनातन बिरुआ, सुशार पिंगुआ सहित अन्य उपस्थित थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *