
- 9.7 अंक के साथ हासिल की उपलब्धि, 15 हजार से अधिक संस्थानों में बेहतर प्रदर्शन से बढ़ाया झारखंड का मान
रवि बिरुली।
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम के लिए यह गौरव की बात है। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चाईबासा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम की है। वर्ष 2026-27 की राष्ट्रीय ग्रेडिंग में चाईबासा आईटीआई ने 10 में 9.7 अंक हासिल कर देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से संस्थान के प्रशिक्षुओं, शिक्षकों और जिले के लोगों में खुशी की लहर है।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ ट्रेनिंग की ओर से कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के तहत देशभर के आईटीआई का प्रदर्शन निर्धारित मानकों के आधार पर आंका गया। देश में 15 हजार से अधिक आईटीआई हैं। राष्ट्रीय ग्रेडिंग में करीब 466 संस्थानों ने नौ से अधिक अंक हासिल किये हैं। इनमें चाईबासा सरकारी आईटीआई का 9.7 अंक प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मेरठ का संस्थान पहले स्थान पर
राष्ट्रीय ग्रेडिंग में सरकारी आईटीआई वर्ल्ड बैंक (महिला), मेरठ ने 9.8 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, सरकारी आईटीआई चाईबासा 9.7 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। ओडिशा के सुंदरगढ़/राजगंगपुर स्थित डालमिया प्राइवेट आईटीआई ने भी 9.7 अंक हासिल कर शीर्ष संस्थानों में जगह बनायी है।
गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि को चाईबासा आईटीआई में बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों के प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है। ग्रेडिंग प्रक्रिया में संस्थानों के विभिन्न प्रदर्शन मानकों का मूल्यांकन किया जाता है। इसमें प्रवेश, प्रशिक्षण और परीक्षा परिणाम समेत संस्थान के प्रदर्शन से जुड़े कई मानकों को शामिल किया जाता है।
चाईबासा जैसे आदिवासी बहुल और अपेक्षाकृत पिछड़े क्षेत्र के सरकारी आईटीआई का देश के शीर्ष संस्थानों में शामिल होना जिले के लिए खास मायने रखता है। 9.7 अंक की यह उपलब्धि स्थानीय युवाओं में तकनीकी शिक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ रोजगारपरक प्रशिक्षण को भी मजबूती देगी।
चाईबासा के लिए क्यों खास है उपलब्धि
- राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान
- 10 में प्राप्त 9.7 अंक
- देश के 15 हजार से अधिक आईटीआई के बीच उपलब्धि
- करीब 466 आईटीआई ने नौ से अधिक अंक हासिल किये
- तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में पश्चिमी सिंहभूम का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन
सबका सहयोग और मेहनत की है उपलब्धि: प्राचार्य
चाईबासा आईटीआई के प्राचार्य यदुनाथ टुडू ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान को दूसरा स्थान मिलना पूरे संस्थान के लिए गौरव और खुशी का पल है। इस उपलब्धि को हासिल करने में कॉलेज प्रबंधन, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का भरपूर सहयोग और मेहनत रही है। सभी ने मिलकर बेहतर परिणाम के लिए लगातार प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान से जुड़े सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक है और आगे भी प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।