- 19 नवंबर से सेरेंगसिया घाटी से प्रस्तावित ‘समता स्वराज संविधान यात्रा’ की तैयारी तेज, ‘विस्मृत आदिवासी इतिहास की खोज’ पढ़ने की अपील

चाईबासा। समता, स्वराज और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा कोल्हान के गौरवशाली ऐतिहासिक अतीत से समाज को परिचित कराने के उद्देश्य से आगामी 19 नवंबर से प्रस्तावित समता स्वराज संविधान यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में चाईबासा में ग्रीन ढाबा के समीप साथियों के बीच बैठक कर यात्रा की रूपरेखा और पदयात्रा के मार्ग पर चर्चा की गई। सेरेंगसिया घाटी से यात्रा शुरू कर किन-किन गांवों और बस्तियों तक पहुंचना है, इस पर विचार-विमर्श हुआ। अपरिहार्य कारणों से सिद्धार्थ पाड़ेया, देवराज चातर सहित कुछ साथी बैठक में शामिल नहीं हो सके।यात्रा का उद्देश्य केवल पदयात्रा करना नहीं, बल्कि समाज के बीच समानता, स्वशासन, लोकतांत्रिक चेतना और संविधान में निहित मूल्यों को लेकर व्यापक संवाद स्थापित करना है। इसके साथ ही आदिवासी समाज के ऐतिहासिक संघर्षों, विरासत और गौरवशाली अतीत को नए सिरे से समझने तथा ऐतिहासिक तथ्यों को आम लोगों तक पहुंचाने की पहल भी की जाएगी।
इतिहास को जाने बिना वर्तमान को समझना मुश्किल
इसी विचार के साथ यात्रा से जुड़े सदस्यों और सहयोगियों से डॉ. अशोक कुमार सेन की पुस्तक ‘विस्मृत आदिवासी इतिहास की खोज’ पढ़ने की विशेष अपील की गई है। इस पुस्तक में कोल्हान के ऐतिहासिक घटनाक्रमों के साथ अंग्रेजी शासनकाल में न्यायालयों में हुई कार्यवाहियों और रिकॉर्ड रूम में संरक्षित अभिलेखों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों का संकलन किया गया है।पुस्तक के अध्ययन से पाठकों को कोल्हान के इतिहास को अभिलेखीय और ऐतिहासिक संदर्भों में समझने का अवसर मिलेगा। यात्रा की वैचारिक पृष्ठभूमि को मजबूत करने के लिए इतिहास का अध्ययन महत्वपूर्ण है, ताकि समाज के सामने तथ्यों, तर्कों और ऐतिहासिक संदर्भों के आधार पर अपनी बात रखी जा सके।

पुस्तक पढ़ें, इतिहास समझें और वैचारिक रूप से तैयार हों
समता स्वराज संविधान यात्रा से जुड़े सभी सदस्यों, युवाओं और सामाजिक चेतना के पक्षधर साथियों से आग्रह किया गया है कि वे इस पुस्तक को विवेक भारती से खरीदकर अवश्य पढ़ें। अपने इतिहास के प्रति जागरूकता केवल अतीत को जानने का माध्यम नहीं, बल्कि वर्तमान को समझने और भविष्य की दिशा तय करने का आधार भी है।आगामी पदयात्रा को अधिक प्रभावी, सार्थक और जन संवाद परक बनाने के लिए जरूरी है कि इससे जुड़े साथी वैचारिक रूप से तैयार हों और कोल्हान की ऐतिहासिक विरासत से परिचित रहें। इतिहास की समझ, संविधान के प्रति प्रतिबद्धता और समता-स्वराज का संकल्प ही इस यात्रा को व्यापक सामाजिक चेतना से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।