₹12 हजार की लागत पर ₹65 हजार की सकल आय, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन से बदली खेती की तस्वीर

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के बिंडासोर्जोम गांव की महिला किसान बलेमा सामड ने प्राकृतिक खेती के जरिए सफलता की नई कहानी लिखी है। उन्होंने मात्र एक एकड़ जमीन पर खेती कर ₹53 हजार का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत मिले प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन से उन्होंने रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करते हुए कम लागत में बेहतर आमदनी का रास्ता अपनाया है।
सब्जियों की खेती से बढ़ाई आमदनी
बलेमा सामड ने अपने एक एकड़ खेत में करेला, बरबटी, झींगा, नेनुआ और मक्का जैसी फसलों की खेती की। जून 2026 में बुवाई के बाद नियमित देखभाल और समय पर तुड़ाई के माध्यम से सब्जियों की 18 बार व्यावसायिक तुड़ाई की गई। अलग-अलग फसलों की खेती से उन्हें उपज और आमदनी के कई अवसर मिले।
स्थानीय संसाधनों से तैयार किए जैव-आदान
प्राकृतिक खेती अपनाने से पहले उन्हें खाद और कीटनाशकों पर काफी खर्च करना पड़ता था। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन से प्रशिक्षण मिलने के बाद उन्होंने बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत, नीमास्त्र, अग्निअस्त्र और सुपर कम्पोस्ट जैसी सामग्रियों का उपयोग शुरू किया। इससे बाजार से खरीदे जाने वाले रासायनिक कृषि आदानों पर निर्भरता कम करने में मदद मिली।
₹12 हजार की लागत पर ₹53 हजार का शुद्ध लाभ
बलेमा सामड के एक एकड़ खेत में कुल 1,800 किलोग्राम उत्पादन प्राप्त हुआ। खेती पर कुल ₹12,000 खर्च हुए। मुख्य फसलों से ₹55,000 और सह-फसलों से ₹10,000 की आय हुई। इस तरह कुल सकल आय ₹65,000 रही और लागत घटाने के बाद उन्हें ₹53,000 का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ।

उपायुक्त ने सराहना की
पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की लागत कम करने, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और आमदनी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बलेमा सामड जैसी महिला किसानों की सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरणादायक है। जिला प्रशासन किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अन्य किसानों के लिए प्रेरणा
बलेमा सामड ने कहा कि प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण मिलने के बाद उन्हें कम खर्च में खेती करने की नई राह मिली है। उन्होंने अन्य किसानों से भी प्राकृतिक खेती की तकनीकों को सीखने और अपनाने की अपील की।
बलेमा सामड की सफलता बताती है कि सीमित कृषि भूमि होने के बावजूद उचित प्रशिक्षण, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और फसल विविधीकरण से खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है। उनकी पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने का उदाहरण है।